भट्टोवाला गोलीकांड पर महिला आयोग सख्त, अध्यक्ष ने एम्स पहुंचकर जाना घायलों का हाल

 


ऋषिकेश, 05 जून (हि.स.)। भट्टोवाला क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने घटना पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा कि देवभूमि की शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही महिला आयोग अध्यक्ष ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश (एम्स) पहुंचकर गोलीबारी में घायल दोनों युवकों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता और न्याय का भरोसा दिलाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसुम कंडवाल ने कोतवाली प्रभारी ऋषिकेश से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और बाद में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।

महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा मौके से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर जोर देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से ही जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को तेज करने तथा ‘पुलिस मित्र’ व्यवस्था को अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आवासीय क्षेत्रों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जानी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

कुसुम कंडवाल ने कहा कि उत्तराखंड की शांतिपूर्ण पहचान को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी तत्व के प्रति प्रशासन की नीति पूरी तरह सख्त रहेगी और ऐसे मामलों में कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय