कलियर में महिला की संदिग्ध हालात में मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में एक 36 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटककर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसराना (36) पत्नी शहजाद का शव बुधवार को कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के समय उसका पति घर से बाहर बाजार गया हुआ था। लौटने पर उसने यह दृश्य देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि महिला के तीन बच्चे हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला