ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौत, पति और दो बच्चे बाल-बाल बचे
हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास शनिवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक पर सवार थी। दुर्घटना में पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बसेड़ा निवासी जावेदा (29) पत्नी मोहम्मद मुसाद शनिवार सुबह अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से घर जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक सालियर गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी एक ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जावेदा की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि बाइक पर सवार पति और दोनों बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद पति और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हाईवे से जाम खुलवाया और महिला के शव को कब्जे में लेकर रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला