घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गुलदार ढेर

 

पौड़ी गढ़वाल, 09 जून (हि.स.)। पौड़ी रेंज में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को कोट ब्लॉक के बाडयू गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। शूटरों ने कुछ ही घंटों में सेल्फ डिफेंस में गुलदार को भी ढेर कर दिया। गुलदार के हमले के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि मंगलवार को बाडयू निवासी प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह अपने पुराने मकान के पास घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद गुलदार महिला को घसीटते हुए पुराने मकान के खंडहर में ले गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों की भीड़ जुट गई। बताया कि गुलदार खंडहर के पास ही लगातार आवाजाही कर रहा था। जिससे गुलदार द्वारा अन्य लोगों पर हमला किए जाने की भी आशंका बनी हुई थी।

शूटरों ने गुलदार को ट्रेक्कुलाइज करने का प्रयास किया, शूटरों ने गुलदार को सेल्फ डिफेंस में ढेर कर दिया। वहीं, घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार के लगातार हो रहे हमलों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है।

स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता विनोद दनोशी, तामेश्वर आर्य आदि ने बताया कि गुलदार द्वारा पौड़ी रेंज के कई गांवों में लगातार हमले किए जा रहे है। गुलदार के हमले में ग्रामीण अपनी जान गंवाने को मजबूर है। कहा कि अब ग्रामीण अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। गुलदार की दहशत से ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम नहीं निपटा पा रहे है। कहा कि लगातार गुलदार को शेडयूट वन की श्रेणी से हटाने की मांग की जा रही है लेकिन शासन व प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। कहा कि लगातार हो रहे गुलदार के हमलों से कई गांवों के ग्रामीण पलायन करने को मजबूर है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह