अजय भट्ट विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष निर्वाचित

 




ज्योतिर्मठ, 2 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती की देखरेख में हुई चुनाव प्रक्रिया में अजय भट्ट को एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। अभिमन्यु पटवाल सचिव और सुशील पंवार कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। एसपीएस रावत और विजेंद्र को उपाध्यक्ष चुना गया।

नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि यह जिम्मेदारी उत्तराखंड में विंटर स्पोर्ट्स के भविष्य को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राज्य में शीतकालीन खेलों के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक रूप से विंटर स्पोर्ट्स की व्यापक संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए एसोसिएशन स्पष्ट दिशा के साथ काम करेगी।

चुनाव प्रक्रिया में लक्ष्मण मेहता, जेपी जोशी, अरविंद ज्याला और सतीश बहुखंडी समेत एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विंटर स्पोर्ट्स के विकास में सहयोग जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर टेनजिंग नॉर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड से सम्मानित एसपी चमोली का अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन ने विंटर और एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें बधाई दी।

अध्यक्ष अजय भट्ट ने चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए निर्वाचन अधिकारी एस.एस. पांगती और एसोसिएशन के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण