केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया
देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड ने रबी विपणन सत्र 2026-27 में गेहूं खरीद को लेकर एक बड़ा निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने राज्य के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य 10 हजार कुंटल से बढ़ाकर 5 लाख कुंटल कर दिया है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त, सचिव आनंद स्वरूप ने बताया कि राज्य में रबी विपणन सत्र एक अप्रैल से शुरू हो चुका है। गढ़वाल सम्भाग में कुल 45 एवं कुमायूं सम्भाग में 123 क्रय केन्द्र संचालित हैं। केन्द्र सरकार की ओर से गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 निर्धारित किया गया है, जिससे कृषक भाईयों द्वारा अपनी उपज (गेहूं) का विक्रय राजकीय क्रय केन्द्रों पर किये जाने में रूचि प्रदर्शित की जा रही है। आतिथि तक स्मार्ट पी.डी.एस. पोर्टल पर 1597 कृषकों की ओर से पंजीकरण कराया जा चुका है एवं 5852 कुन्टल गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार उत्तराखंड राज्य के लिए पूर्व में 10 हजार कुन्टल का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिससे राज्य के कृषक भाइयों ने अपने उत्पाद का विक्रय न हो पाने के सम्बन्ध में रोष व्यक्त किया जा रहा था। केन्द्र सरकार की ओर से राज्य सरकार के अनुरोध पर राज्य के कृषकाें हितों के दृष्टिगत पूर्व निर्धारित 10 हजार कुंटल के लक्ष्य में वृद्धि करते हुए 5 लाख कुंटल कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय