कन्या गुरुकुल में नवागंतुक छात्राओं का स्वागत

 


हरिद्वार, 26 सितंबर (हि.स.)। कन्या गुरुकुल, हरिद्वार के दर्शन विभाग की ओर से राजेंद्र छात्रावास में नवागंतुक छात्राओं के स्वागत एवं अभिनंदन के लिए ‘प्रेरणा एवं स्वागत कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और गुरुकुलीय शिक्षा पद्धति से परिचित कराने के साथ उनमें भारतीय ज्ञान-परंपरा के प्रति रुचि एवं गौरव की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं को गुरुकुलीय शिक्षा-परंपरा, वैदिक संस्कृति, भारतीय जीवन-मूल्यों और आर्य समाज की विचारधारा एवं परंपराओं की जानकारी दी गई। एमए की नवागंतुक छात्राओं के स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रमिला ने किया, जबकि बीए की छात्राओं का स्वागत दिव्या चौधरी ने किया।

इतिहास विभाग से कन्या गुरुकुल की कॉर्डिनेटर प्रो. रेनु शुक्ला ने छात्राओं को गुरुकुल के इतिहास से परिचित कराया। इस दौरान दर्शन विभाग की छात्राओं ने नृत्य, गायन और भजन की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग दिया। नवागंतुक छात्राओं ने भी उत्साह से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।

दर्शन विभागाध्यक्ष डॉ. बबीता शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए अध्ययन के साथ व्यक्तित्व विकास और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विभाग की शिक्षिकाएं डॉ. मीरा त्यागी और डॉ. लीला कन्याल भी उपस्थित रहीं और उन्होंने नवागंतुक छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला