कैलाश मानसरोवर यात्रा के दूसरे दल का पिथौरागढ़ में स्वागत
पिथौरागढ़, 09 जुलाई (हि. स.)। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के दूसरे दल का गुरुवार को पिथौरागढ़ पहुंचने पर जिला प्रशासन ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। दल में 47 श्रद्धालु शामिल हैं, जो आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गुंजी के लिए रवाना होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी और सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा जनपद की प्रतिष्ठित धार्मिक यात्रा है और प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, सहज एवं सुखद यात्रा का अनुभव मिले।
दूसरे दल में 34 पुरुष और 13 महिला श्रद्धालु शामिल हैं, जो गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से आए हैं। दल के सबसे कम आयु के यात्री 26 वर्षीय रुषिकेश विनोद मेहाकरे (महाराष्ट्र) और शैलांशु गोपाल तुषार हैं, जबकि सबसे वरिष्ठ श्रद्धालु 69 वर्षीय अरविंद कुमार श्रीवास्तव (मध्य प्रदेश) और काली शेखर मुखोपाध्याय हैं।
यात्रा दल के लायजन अधिकारी ने कहा कि भारत सरकार और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के संयुक्त तत्वावधान में यात्रा का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुंजी पहुंचने के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र की वास्तविक एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा शुरू होगी। उन्होंने यात्रा के सुचारु संचालन के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
डॉ. सैनी ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के लिए आवास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, एम्बुलेंस, चिकित्सा सहायता, विद्युत, स्वच्छता और परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए केएमवीएन, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत और जल संस्थान सहित सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय