उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में झुलसा रही धूप, 28 अप्रैल के बाद बदलाव के संकेत
देहरादून, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड इस समय तेज गर्मी की चपेट में है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के ताजा आकलन के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत की संभावना कम है, हालांकि 28 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आगामी 1–2 दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है।
पूर्वानुमान के मुताबिक अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है। इससे लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार 28 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में यह बदलाव पहले से ही आंशिक रूप से नजर आ सकता है, जहां मौसम अपेक्षाकृत संतुलित बना हुआ है।
देहरादून में आसमान साफ से आंशिक बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ स्थानों पर गर्जन वाले बादल विकसित होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 39°सेल्सियस और न्यूनतम 22°C के आसपास रहने का अनुमान है।
तेज गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय