बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, ठंड बढ़ने से गर्म कपड़ों में नजर आए लोग
हरिद्वार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में मौसम के अचानक करवट बदलने से ठंड का असर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, बरसात का असर शहर के बाजारों में भी देखने को मिला। आम दिनों में गुलजार रहने वाले बाजारों में चहल-पहल कम नजर आई।
गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इसके चलते सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंड का अहसास हुआ। मौसम में आए बदलाव के चलते कई लोग गर्म कपड़े पहने नजर आए। बारिश के कारण सड़कों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा आवाजाही कम दिखाई दी।
करवा चौथ पर्व के दिन बारिश का असर बाजारों की रौनक पर भी पड़ा। पर्व के चलते बाजारों में खरीदारी और महिलाओं की चहल-पहल रहने की उम्मीद थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण दिनभर बाजारों में अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई दी। साज-श्रृंगार, कपड़े, चूड़ियों और अन्य पर्व संबंधी सामान की दुकानों पर भी सामान्य दिनों की तरह रौनक नजर नहीं आई।
मौसम के बदले मिजाज ने जहां लोगों को ठंड का अहसास कराया, वहीं करवा चौथ के उल्लास के बीच बाजारों की रौनक भी कुछ फीकी पड़ गई। बारिश के चलते लोगों की दिनचर्या पर भी असर देखने को मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला