उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी और मैदानों में गर्मी होगी तेज

 


देहरादून, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में फिर एक बार पर्वतीय जिलों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के चार हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

रविवार को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए ‘वॉच’ अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि कुछ स्थानों पर गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा, गर्जन के साथ वर्षा, बर्फबारी उंचाई क्षेत्रों में होने की संभावना है।

राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने के साथ गर्मी में इजाफा देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे दिन के समय गर्मी का असर बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिन में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और तीव्र हो सकती है।

राजधानी देहरादून में आसमान साफ से आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, लेकिन दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी बनी रहेगी। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को खराब मौसम और तेज हवाओं के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय