पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में शुष्क माैसम
देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बनी हुई हैं। मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने से लोगों को राहत मिलेगी। तापमान में आई गिरावट के कारण बीते दिनों ठंड का असर फिर से महसूस किया गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र की ओर से शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से मौसम सामान्य होने की संभावना है।
देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। चटक धूप निकलने से लोगों को ठंडी हवाओं से राहत मिली है। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। अगले 4 से 5 दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस और पर्वतीय क्षेत्रों में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
वहीं बीते 24 घंटों में जाखोली, मनेरी, त्यूनी, जानकी चट्टी और अल्मोड़ा सहित कई स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है। यात्रियों और पहाड़ों की ओर जाने वाले लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय