मैदानी इलाकों में गर्मी बरकरार,पहाड़ों में बारिश का अलर्ट
देहरादून, 27 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
राजधानी देहरादून में बुधवार को सुबह से ही तीखी धूप और गर्म मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर होते-होते सड़कों पर गर्म हवाओं और तेज धूप का असर साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे मैदानी इलाकों में गर्मी का असर और बढ़ गया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहर के समय बाजारों और मुख्य सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है, हालांकि इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विभाग ने संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन, नदी-नालों के उफान और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने को भी कहा है।
दूसरी ओर पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने के संकेत हैं। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है। 29 मई को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय