उत्तराखंड में मौसम हुआ सुहावना, तापमान गिरने से राहत
देहरादून, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित प्रदेश में मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। बीते दिनों की तुलना में आज का तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक महसूस हाे रही है और लोगों को तेज गर्मी से अस्थायी राहत मिली है।
देहरादून सहित अन्य इलाकों में गुरुवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। सुबह के समय बादलों की ओट से धूप निकलती रही, जिससे धूप और छांव का क्रम बना रहा और मौसम सुहावना महसूस हुआ।हल्की ठंडी हवाओं और बादलों की मौजूदगी के चलते तापमान में गिरावट बनी हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के चलते शहर में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि दिन में भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना के कारण तापमान में यह गिरावट देखने को मिली है। अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का सुहावना मौसम बना रह सकता है, हालांकि धीरे-धीरे तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत भी हैं। फिलहाल मौसम की इस नरमी ने आमजन को गर्मी के असर से काफी हद तक राहत पहुंचाई है।
विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गुरुवार को मौसम का व्यापक असर रह सकता है। 3800 से 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा सहित कई जिलों में 2 मई को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों से दूर रहने, बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और तेज हवाओं के मद्देनजर कच्चे मकानों व ढीली संरचनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय