उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क

 


देहरादून, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

गुरुवार सुबह देहरादून सहित अन्य इलाकों में आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम के इस बदलते मिजाज से लोगों ने भी राहत महसूस की। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा, गरज-चमक के साथ 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। अन्य जनपदों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, वहीं पहाड़ी इलाकों में भी तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। देहरादून में आज आसमान साफ से आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है और हल्की धुंध भी छाई रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों को सामान्य सतर्कता बरतने की सलाह दी है, हालांकि किसी भी गंभीर मौसम स्थिति की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय