उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, 153 सड़कें बंद,11 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा
देहरादून, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया है। लगातार वर्षा के कारण प्रदेश में 153 सड़कें बंद हैं, जबकि चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार मंगलवार काे देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ सकते हैं। इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदियों और नालों के उफान, निचले इलाकों में जलभराव तथा बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्वतीय क्षेत्रों में भ्रमण करने वाले पर्यटकों को अत्यधिक सतर्कता बरतने और आवश्यकता होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार लगातार वर्षा के कारण प्रदेश में कुल 153 सड़कें बंद हैं। इनमें चार राष्ट्रीय राजमार्ग (एक बीआरओ), 10 राज्य राजमार्ग, पांच एमडीआर, दो ओडीआर, 46 पीडब्ल्यूडी और 86 पीएमजीएसवाई और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। संबंधित विभागों द्वारा मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।
आईएमडी के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और रुद्रप्रयाग जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान निम्न से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है। विभाग ने कहा है कि लगातार वर्षा और मिट्टी के पूरी तरह संतृप्त होने के कारण निचले इलाकों में जलभराव तथा तेज सतही बहाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
देहरादून में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश हाेती रही। सुबह करीब 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बादलों के बीच हल्की धूप भी निकली। वहीं, केदारनाथ सहित चारधाम यात्रा मार्गों पर हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और यात्रा के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय