उत्तराखंड में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 61 सड़कें बंद

 


देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के चलते प्रदेश में 61 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि अगले पांच दिनों तक भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदी-नालों के उफान और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

देहरादून में बुधवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह हल्की धूप के बाद करीब 10 बजे आसमान में घने बादल छा गए, जिससे शहर में बारिश की संभावना बढ़ गई। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से कुछ राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शेष पर्वतीय जिलों और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि हरिद्वार जिले में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, पहाड़ी मार्गों के अवरुद्ध होने, नदियों-नालों के उफान और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका व्यक्त की है। लोगों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और नदी-नालों के समीप सतर्क रहने की अपील की गई है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की बुधवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में विभिन्न श्रेणियों की 61 सड़कें बंद हैं। इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, दो बीआरओ के राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य राजमार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग, नौ अन्य जिला मार्ग और 53 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्ग खोलने का कार्य जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय