उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट

 

देहरादून, 02 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की भी संभावना है। दूसरी ओर मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है।

विभाग ने राज्यभर के लिए ‘वॉच’ श्रेणी की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अत्यंत कम दर्ज किया गया। हालांकि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। देहरादून में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शाम के समय गरज वाले बादल विकसित होने तथा हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय