उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में जारी रहेगा बारिश का दौर

 


देहरादून, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने और भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जिलों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और बारिश का तीव्र दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 15 और 16 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 17 सितंबर को पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 18 और 19 सितंबर को सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा 20 और 21 सितंबर को सभी जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान है।

विभाग ने 15 और 16 सितंबर को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर के दौरान संवेदनशील स्थानों पर छोटे से मध्यम भूस्खलन और पत्थर गिरने, पहाड़ी एवं संपर्क मार्गों के अवरुद्ध होने तथा नालों और गदेरों के उफान पर आने की आशंका जताई है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन में फिलहाल उत्तराखंड के लिए चिंता का कोई क्षेत्र चिन्हित नहीं किया गया है।

सीडब्ल्यूसी की 15 सितंबर की रिपोर्ट में अलकनंदा, भागीरथी, मंदाकिनी, यमुना सहित विभिन्न नदियों के निगरानी केंद्रों के जलस्तर का विवरण दिया गया है। रिपोर्ट में अधिकांश निगरानी केंद्रों पर जलस्तर सामान्य प्रवृत्ति में दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

मौसम विभाग ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, सड़कों, नदियों और बरसाती नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। पेड़ों के नीचे खड़े होने से भी बचने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय