उत्तराखंड में अगले सात दिन बारिश के आसार, तीन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

 


देहरादून, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है और मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक वर्षा का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार के लिए तीन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नराज्य में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए आपदा प्रबंधन सचिव को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा सभी जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और राज्य में आए पर्यटकों से मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। नदियों, बरसाती नालों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

देहरादून सहित उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को हल्की रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। सुबह से आसमान घने बादलों से ढका रहा, जिससे मौसम सुहावना बना रहा। सुबह करीब 11 बजे बादलों की ओट से हल्की धूप भी निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर बादल छा गए। मौसम विभाग ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। बारिश के मद्देनज़र लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ सकते हैं।

भारी बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों और राजमार्गों के बाधित होने, नदियों-नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका व्यक्त की गई है। चारधाम यात्रा और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों को केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

अलकनंदा चेतावनी स्तर पर पहुंची

उधर, रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह सात बजे अलकनंदा का जलस्तर 626.00 मीटर दर्ज किया गया, जबकि मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.98 मीटर रहा, जो चेतावनी स्तर से थोड़ा नीचे है। प्रशासन ने लोगों से नदी तटों से दूर रहने की अपील की है और नगर क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सतर्कता संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।

वर्षा के आंकड़ों के अनुसार ऊखीमठ में सर्वाधिक 32.50 मिमी और जखोली में 26.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रुद्रप्रयाग मुख्यालय में वर्षा नहीं हुई। जिले में सभी राष्ट्रीय राजमार्ग खुले हैं, हालांकि दो राज्य राजमार्ग, दो पीडब्ल्यूडी मार्ग, छह पीएमजीएसवाई मार्ग और एक एनपीसीसी मार्ग अभी भी अवरुद्ध हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए लोगों से सतर्कता बरतने और किसी भी आपदा अथवा मार्ग अवरोध की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय