उत्तराखंड में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, तापमान गिरेगा
देहरादून, 07 मई (हि.स.)। उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में गुरुवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकल सकी। दोपहर करीब 12 बजे के बाद बादलों की ओट से हल्की धूप निकली, लेकिन मौसम में ठंडक बनी रही। कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गर्जन के आसार हैं। विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम और पर्वतीय क्षेत्रों में अत्यंत कम दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद आगामी 3 से 4 दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान में आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। लोहाघाट में 32.1 मिमी, जाखोली में 20 मिमी, चंपावत में 16 मिमी और नैनीताल में 17 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। देहरादून में भी 4 मिमी बारिश दर्ज हुई।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय