नैनीताल में मल्लीताल तक पहुंचा कोहरा, गुनगुनी धूप के बाद बढ़ी ठंड
नैनीताल, 26 नवंबर (हि.स.)। पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल में कई दिनों से खिली धूप के बाद गुरुवार को मौसम बदलता नजर आया है। नगर में दोपहर तक आसमान में एक भी छोटा बादल नहीं था और अच्छी गुनगुनी धूप खिली हुई थी। लेकिन तभी तल्लीताल की ओर से आये कोहरे ने इस मौसम में पहली बार नैनी झील सहित पूरे नगर को ढक दिया। इससे धूप गायब हो गयी और नगर में ठंड महसूस की जाने लगी।
उल्लेखनीय है कि नगर कि नगर में मल्लीताल व तल्लीताल क्षेत्रों के मौसम में आम तौर भी काफी अंतर नजर आता है। मल्लीताल में जहां अक्सर धूप खिली रहती है, वहीं तल्लीताल में मैदानी क्षेत्रों से जुड़ने वाली बलियानाला व निहाल नालों की घाटियों से कोहरा आता और छाता रहता है। लेकिन गुरुवार को पहली बार कोहरा मल्लीताल की ओर भी रुख कर छा पाया।
इधर भारत मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को दिन का तापमान अधिकतम 19 व न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियय व आर्द्रता 40 व 73 के बीच रही। शुक्रवार को भी मौसम के यथावत रहने और शनिवार से तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना जतायी गयी है, और फिलहाल बारिश की संभावना से इंकार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी