उत्तराखंड के छह जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में गुरुवार को भी मानसून का असर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन छह जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ने की आशंका है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक से सामान्य बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम वर्षा के एक-दो दौर और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सोनप्रयाग में 138.5 मिमी, नरेंद्रनगर में 72.5 मिमी, पोखरी में 69.5 मिमी तथा गोचर में 61 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
गुरुवार सुबह से देहरादून सहित प्रदेश के अनेक हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है। घने बादलों के बीच लोग छातों और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक कई क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय