गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान के पार
हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ हरिद्वार में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही रिमझिम बारिश से तापमान में गिरावट आई है, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते गंगा के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार दोपहर तक भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर चेतावनी निशान को पार कर गया। ऊपरी बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद हरिद्वार में गंगा करीब 293 मीटर के स्तर पर बह रही है। जलस्तर बढ़ने के बाद यूपी सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है व लगातार निगरानी की जा रही है।
यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण ऊपरी बैराज से पानी छोड़ा गया है। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला