धरना पांचवें दिन भी जारी, रविवार से भूख हड़ताल की चेतावनी
पौड़ी गढ़वाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पाबौ क्षेत्र में उप जिला अस्पताल और उप तहसील खोलने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट और दिलवर सिंह नेगी का धरना आज पांचवें दिन भी जारी रहा। पांच दिन बीतने के बावजूद जिला प्रशासन का कोई अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज आंदोलनकारियों ने रविवार से भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के सचिव सुभाष नौटियाल ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर छह नवंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने कहा कि पाबौ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। उप जिला अस्पताल खुलने से दूरस्थ गांवों के लोगों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
वहीं, उप तहसील खुलने से क्षेत्रवासियों को राजस्व संबंधी कार्यों में राहत मिलेगी। इसके अलावा डोईवाला के लच्छीवाला टोल प्लाजा से राहत देने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह