जानलेवा हमले के मामले में फरार दो इनामी गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। सिडकुल थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से किए गए सामूहिक हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों पर पुलिस द्वारा 2500-2500 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने गुरुवार को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जबकि मामले के अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 10 जून को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, जनपद पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर, थाना सिडकुल) द्वारा दी तहरीर के अनुसार विशाल सहित 9-10 लोगों द्वारा उसके भाई, जीजा और दोस्त पर जानलेवा हमले के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार प्रयासों के बाद वांछित चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र स्व. रविंदर उर्फ पप्पू (20 वर्ष), निवासी हेतमपुर, थाना सिडकुल तथा सूरज उर्फ गोलू पुत्र प्रवीन (19 वर्ष), निवासी ग्राम हेतमपुर, थाना सिडकुल के रूप में हुई है। अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला