नशीले कारोबार का ‘केमिस्ट’ 2025 से था फरार! पुलिस ने बदायूं से दबोचा

 


हरिद्वार, 02 सितंबर (हि.स.)। नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लक्सर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था।

अभियान के क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पुलिस टीम गठित कर वांछित आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने लगातार सुराग जुटाते हुए उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दबिश दी। पुलिस ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र से धर्मेन्द्र पुत्र जगदीश, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम दियोरीजीत, थाना बिनावर, जनपद बदायूं को हिरासत में लिया।

पुलिस जांच में धर्मेन्द्र का नाम वर्ष 2025 में लक्सर कोतवाली में दर्ज दो एनडीपीएस मामलों की विवेचना के दौरान सामने आया था। पुलिस ने बताया कि आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। आखिरकार पुलिस ने गैर-जनपद दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला