हत्या प्रयास के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर से पकड़ा। आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को जसावाला निवासी एक महिला ने थाना पिरान कलियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सूरज उर्फ बिल्ल पुत्र पन्नालाल व अन्य लोगों ने एकराय होकर उसके पुत्र सचिन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित आरोपित सागर गिरि पुत्र श्रवण गिरि, निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना बहादराबाद, हरिद्वार को दौलतपुर से गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला