तमंचे के बल पर बाइक-मोबाइल लूट का तीसरा आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की को पुलिस ने औरंगाबाद तिहारे से नदी की ओर श्मशान घाट जाने वाले कच्चे रास्ते से दबोचा। उसके कब्जे से लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने 24 सितंबर को सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 26 सितंबर को वारदात में शामिल दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद फरार दो आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटे गए मोबाइल व बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। फरार आरोपितों पर एसएसपी की ओर से पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने बुधवार को सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित रायपुर, देहरादून निवासी एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में भी शामिल रहा है।

पुलिस अब वारदात में शामिल शेष एक फरार आरोपित की तलाश में जुटी है। इसके लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपित का नाम पता सुशांत झड़ियाल उर्फ लक्की, पुत्र अनिल कुमार झड़ियाल, निवासी मकान नंबर 62/ए, शिवरतन सिटी, नवोदय नगर, थाना सिडकुल, हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला