मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क स्थापित

 


देहरादून, 10 जून (हि. स.)। उत्तराखंड में विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो गया है। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, शिकायत अथवा सहायता के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनके माध्यम से भी मतदाता आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, यदि कोई मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करना चाहता है, तो वह निर्वाचन की बेवसाइट voters.eci.gov.in पर उपलब्ध ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर सकता है। इसके लिए मतदाता को अपना वोटर आईडी नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग अथवा उसके किसी अधिकारी द्वारा कभी भी किसी मतदाता या बीएलओ से ओटीपी नहीं मांगा जाता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें। निर्वाचन विभाग ने राज्य के सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में सहभागिता निभाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय