स्कूल-कॉलेजों में चलेगा विशेष मतदाता जागरूकता अभियान, 22 नवंबर तक होंगी प्रतियोगिताएं
देहरादून, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में युवाओं को मतदान प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से प्रदेशभर में निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं 17 से 22 नवंबर तक तीन चरणों में संपन्न होंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देना है।
उन्होंने बताया कि निबंध प्रतियोगिता के लिए 'शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' और 'मतदान का महत्व' विषय निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थी हिंदी, अंग्रेजी या संस्कृत में निबंध लिख सकेंगे। विद्यालय स्तर पर निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 शब्द और महाविद्यालय स्तर पर 800 से 1200 शब्द निर्धारित की गई है।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 17 और 18 नवंबर को शैक्षणिक संस्थानों में विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें प्रत्येक प्रतियोगिता से दो शीर्ष प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद 19 और 20 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, जहां प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। तीसरे चरण में जिला स्तर पर अंतिम प्रतियोगिता आयोजित होगी और 22 नवंबर तक प्रत्येक जिले के शीर्ष 10 विजेताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नोडल स्वीप प्रकाश चंद्र दुम्का ने सभी स्कूलों और महाविद्यालयों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इन प्रतियोगिताओं में शामिल करने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय