आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, दाे मजदूर घायल
हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बेलकी मसाई गांव के पास एक आम के बाग में आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना 23 जुलाई की देर शाम की बताई जा रही है, जब बाग में काम कर रहे मजदूरों ने कुछ लोगों को आम तोड़ने से रोका, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि कुछ देर बाद 40-50 लोग लाठी-डंडों के साथ बाग में पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में सिकरौढ़ा निवासी फुरकान सहित दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीडि़त पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावर बाग में रखे आम भी ले गए, वाहनों में तोड़फोड़ की और गांव के मुख्य मार्ग पर भी लोगों के साथ मारपीट की कोशिश की।
घटना दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ी होने की बात सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर भगवानपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
भगवानपुर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है और तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला