डोभश्रीकोट से धोरों तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग, ग्रामीण बोले- सुनवाई नहीं हुई तो चुनाव का करेंगे बहिष्कार
पौड़ी गढ़वाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)।तहसील पौड़ी के डोभश्रीकोट से धोरों तोक तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग आठ साल बाद भी पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ने लगा है। सड़क की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरने पर बैठने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने गांव में चुनावी कैंप नहीं लगने देने की चेतावनी भी दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नर्सिंग कॉलेज से ग्राम श्रीकोट होते हुए अनुसूचित जाति बस्ती और धोरों तोक तक मोटर मार्ग स्वीकृत है, लेकिन लंबे समय बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों से लेकर स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों तक के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में अब अधिकांश बुजुर्ग ही रह गए हैं, जिन्हें मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। ऐसे में बीमार होने या किसी जरूरी काम के लिए बाहर जाने पर उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। पूर्व में सड़क निर्माण की घोषणा भी हुई थी, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका। लगातार इंतजार के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी वर्षों तक इंतजार करना पड़ रहा है। अब ग्रामीणों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
ग्रामीण गुड्डी देवी ने कहा कि गांव में अब अधिकतर बुजुर्ग ही रह गए हैं। सड़क नहीं होने के कारण उन्हें मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी उन्हें काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
ग्राम प्रधान अनुपमा ने कहा कि गांव के कुछ परिवार मुख्य सड़क से काफी दूर रहते हैं। मोटर मार्ग नहीं होने से उन्हें आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ठोस पहल नहीं की गई तो ग्रामीण अपने आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस मौके पर विधाता देवी, अनीता देवी, गायत्री देवी, देवेश्वरी देवी, विजय लक्ष्मी, महिपाल सिंह, दलवीर सिंह, सौरभ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह