10 सूत्री मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
नई टिहरी, 22 सितंबर (हि.स.)। जिलेभर के ग्राम प्रधानों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट से सीडीओ कार्यालय तक रैली निकालकर धरना दिया। उन्होंने बीवी-जीरामजी योजना में श्रमिकों की उपस्थिति ऑफलाइन करने और अकुशल श्रमिकों 600 व कुशल श्रमिकों को 800 रुपये मजदूरी देने की मांग उठाई।
मंगलवार को ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न गांव से आए ग्राम प्रधानों ने मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। सीडीओ कार्यालय के बाहर ग्राम प्रधानों मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर धरना दिया।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष रावत ने कहा कि ग्राम प्रधान लंबे समय से मांगों को लेकर मुखर हैं। लेकिन उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे ग्राम प्रधानों में आक्रोश बढ़ रहा है। जाखणीधार संगठन के अध्यक्ष विजय शाह ने कहा कि ग्राम प्रधानों को न्यूनतम 20 हजार रुपये मानदेय दिया जाना चाहिए। राज्य और केंद्रीय वित्त की धनराशि जनसंख्या और भौगोलिक क्षेत्रफल अनुसार बढ़ाई जाए।
जिला योजना के प्रस्ताव गांव की खुली बैठक में पारित हो, प्रधानों को भी नामित सदस्य बनाया जाए। प्रधानों को विधायक और सांसद निधि की तर्ज प्रधान निधि मिले। प्रधानों को स्वास्थ्य या जीवन बीमा की सुविधा देने सहित 10 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग उठाई। मांगे के निराकरण न होने ग्राम प्रधानों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
इस मौके पर नंदी प्रसाद बेलवाल, प्रदीप नेगी, महावीर भट्ट, भगत सिंह भंडारी, राकेश गुसाईं, छंच्चर सिंह बिष्ट, रश्मि रावत, विमला पंवार, आशा देवी, सूरती चौहान, मंजू देवी, जसोदा देवी, दिनेश जोशी, जसिला देवी, विनोद व्यास, विनोद गुसाईं आदि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी