नई टिहरी के युवा भी ले सकेंगे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में भाग

 

नई टिहरी, 09 सितंबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में टिहरी जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भी भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम का राष्ट्रीय संस्करण अगले वर्ष 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। विभाग ने टिहरी जिले के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और अपनी प्रतिभा, विचार एवं नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने की अपील की है।

जिला सूचना विभाग के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत-2047 के विजन से जोड़ना और उनके विचारों को नीति निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा बनाना है। इसके तहत विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

विकसित भारत चैलेंज को देशभर में 10 क्षेत्रीय क्लस्टरों में विभाजित किया गया है, जिसके माध्यम से विभिन्न राज्यों की स्थानीय प्राथमिकताओं के अनुरूप समाधान तैयार किए जाएंगे। प्रतिभागियों का चयन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा। पंजीकरण, क्विज, निबंध सहित अन्य प्रतियोगिताओं के लिए मेरा युवा भारत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी