विक्रम हत्याकांड के पांच फरार आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित

 


देहरादून, 15 जुलाई (हि.स.)। डालनवाला क्षेत्र के सिल्वर सिटी में हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड के पांच फरार आरोपियों पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तराखंड ने दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

यह जानकारी बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से दी गई है। पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को हुई इस हत्या के संबंध में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा संख्या 30/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1),238 और 61(2) में मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि मामले में पूर्व में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पांच अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जो अभी फरार हैं।

जिन आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है, उनमें झारखंड के पूर्वी सिंहभूम और लोहरदगा निवासी आकाश कुमार प्रसाद, जितेंद्र कुमार साहू, अंकित कुमार वर्मा उर्फ अंकित वर्मा, आशुतोष कुमार सिंह और विशाल सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय