विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, बिजली चोरी करते 21 लोग पकड़े गए

 


हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनौरी क्षेत्र में विद्युत विभाग और विजिलेंस टीम ने संयुक्त छापेमारी कर 21 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार विजिलेंस टीम ने ग्राम गढ़मीरपुर, राजपुर और अनेकी में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई घरों में बिजली लाइनों से सीधे कटिया डालकर तथा अन्य अवैध तरीकों से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने कुल 21 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी।

एसडीओ अश्विनी कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए सभी लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

छापेमारी टीम में विजिलेंस निरीक्षक मारुत शाह, सरिता, उपनिरीक्षक संजीव त्यागी, विजिलेंस विभाग के एई विकास और अनिल तथा विद्युत विभाग के एसडीओ अश्विनी कुमार और जेई योगेंद्र रावत शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला