पौड़ी में दो दिन लगातार युवाओं के हंगामे के वीडियो वायरल, पांच गिरफ्तार

 


पौड़ी गढ़वाल, 16 सितंबर (हि.स.)। पौड़ी शहर में सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं के हंगामे और मारपीट के वीडियो लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार देर शाम पुराने बस अड्डे पर युवाओं के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया। पुलिस ने मामले में शांति भंग के तहत कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बस अड्डे जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, मामले में पीयूष कौशिक, राहुल उनियाल, नितेश सकलानी, हिमांशु और सौरभ नेगी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमे भी दर्ज किए हैं।

इससे एक दिन पहले सोमवार को भी नए बस अड्डे के पास युवाओं के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लगातार दो दिनों में सार्वजनिक स्थानों पर ऐसी घटनाओं के वीडियो सामने आने से शहर में पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

स्थानीय लोगों ने बस अड्डों और बाजार क्षेत्र समेत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह