नशे की लत पूरी करने के लिए चुराते थे दोपहिया वाहन, दो गिरफ्तार

 


-पटेलनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा, चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद

देहरादून, 05 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपितों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, दो नवंबर को मोहम्मद खुर्रम पुत्र मेहरबान निवासी वन विहार, मेहूंवाला ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत कोतवाली पटेलनगर में दर्ज कराई थी। इस आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपितों का सत्यापन किया।

इसी क्रम में चार नवंबर को महाराणा प्रताप पार्क में चेकिंग के दौरान पुलिस ने नासिर उर्फ माठू (32) निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर और सादिक उर्फ सोनू (30) निवासी माधोपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से पटेलनगर क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल के अलावा प्रेमनगर क्षेत्र से चोरी किया गया एक अन्य दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। आरोपित चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कांस्टेबल अमित और वीरेंद्र ग्वाल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय