हरिद्वार पुलिस का ऑपरेशन प्रहार, वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा

 


हरिद्वार, 17 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के शौक को पूरा करने के लिए वाहन चोरी करने वाले गिरोह पर हरिद्वार पुलिस ने शिकंजा कसा है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि लाठरदेवा के पास से आरोपी राहुल पुत्र राजू निवासी गोलभट्टा, मिलापनगर, कोतवाली सिविल लाइन, रुड़की को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे के शौक को पूरा करने के लिए चोरी के वाहनों को मॉडिफाई कर बेचकर नशे का शौक पूरा करता था। उसने इस धंधे में शामिल अपने कुछ दोस्तों के नाम भी बताए हैं। आरोपी की निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार जनपद में आपराधिक तत्वों के चिन्हीकरण और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूछताछ के आधार पर आरोपी के साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र राठी और उप निरीक्षक संतोष सेमवाल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला