एक बाइक की तलाश में खुला राज, खंडहर से मिलीं पांच और चोरी की मोटरसाइकिलें
हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पथरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपित को पकड़कर छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक की तलाश के दौरान आरोपित को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर दोगीवाला रोड स्थित कब्रिस्तान के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। पुलिस अब बरामद बाइकों के मालिकों का पता लगाने के साथ ही चोरी की अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पुरुषोत्तमनगर निवासी आकाश पुत्र निर्देश ने शिकायत दी थी कि 10 अक्तूबर को शाहपुर रामलीला मैदान के पास से उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से सुराग जुटाते हुए पुलिस ने 12 अक्तूबर को गैस गोदाम तिराहे के पास से अमन पुत्र रमेश को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने दोगीवाला रोड स्थित कब्रिस्तान के पास एक खंडहर में छिपाकर रखी गई पांच अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह पुलिस के कब्जे में कुल छह बाइक आई हैं। अब पुलिस इन वाहनों के चोरी के मामलों का पता लगाने और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पथरी थाना अध्यक्ष रविंदर कुमार ने बताया कि आरोपित अमन मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के खेड़गी गांव का निवासी है और वर्तमान में पथरी थाना क्षेत्र के धारीवाला गांव में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में फेरुपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन कठैत, एएसआई जसवंत सिंह तथा कांस्टेबल दीपक चौधरी, जयपाल चौहान, अनिल पंवार, मुकेश चौहान, सोहन राणा, रविंद्र बिष्ट, नरेश बहुगुणा और वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला