तीन चोरी की बाइक के साथ वाहन चोर गिरफ्तार
हरिद्वार, 08 जुलाई (हि.स.)। सिडकुल थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
आरोपित ने पूछताछ में सिडकुल और रानीपुर क्षेत्र से अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई को नवोदय नगर निवासी मनोज चौधरी तथा 7 जुलाई को सुजीत कुमार राय की मोटरसाइकिल चोरी होने के मामलों में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस टीम सिडकुल स्थित टैप इंडिया कंपनी तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से गिर गया। पुलिस ने मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रजत उर्फ कार्तिक पुत्र अनिल भारद्वाज, निवासी ग्राम निधौली खुर्द, जिला एटा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल के रूप में हुई। उसने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की थी। सहवाज को पुलिस पहले ही वाहन चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इनमें एक मोटरसाइकिल सिडकुल थाना क्षेत्र व दूसरी रानीपुर थाना क्षेत्र की शिवलोक कॉलोनी से चोरी की गई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपित के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला