पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 चोरी के दोपहिया वाहनों समेत दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 10 जून (हि.स.)। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रूड़की कोतवाली गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 10 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी शामिल है।

पुलिस के अनुसार जिलेभर में आपराधिक तत्वों के चिन्हीकरण और सघन चेकिंग अभियान के दौरान 10 जून को पनियाला तिराहा क्षेत्र से अयान और अजय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित वाहन बरामद किए। इसके अलावा छह अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं, जिनके संबंध में जांच जारी है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उन्हें मॉडिफाई कर बेचने अथवा अन्य तरीके से मुनाफा कमाने का काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपितों में अय्यान पुत्र नसीम अहमद, निवासी ग्राम माधोपुर हजरतपुर, थाना गंगनहर, जनपद हरिद्वार अजय पुत्र मांगेराम, निवासी नगला कुबड़ा, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने बरामद सभी वाहनों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और अन्य संभावित चोरी की घटनाओं से संबंध की जांच शुरू कर दी है। आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर पुलिस ने उनका चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला