अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 17 बाइक बरामद, तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 17 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिह ने सभी थानों को विशेष अभियान के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में गंगनहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्ध युवकों को रोका। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातें कबूल कीं।
आरोपियों की निशानदेही पर शाहपुर रुड़की स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास खंडहर से 17 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इसमें गंगनहर कोतवाली के 4 मुकदमों से जुड़ी 4 बाइक, कनखल कोतवाली के 1 मुकदमे की बाइक और अन्य 12 चोरी की गाड़ियां शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी कर सुनसान जगह छिपाते थे और बाद में बेचने की फिराक में थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों विपिन पुत्र समय सिंह निवासी छापुरशेर, आशु कुमार पुत्र अनिल निवासी हबीबपुर व शौकीन पुत्र शकीर निवासी सिकंदरपुर को कोर्ट में पेश किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला