पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, छह बाइक बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

 




हरिद्वार, 17 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को सिडकुल पुलिस की टीम किरबी चौक पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अचानक टायर फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को पकड़ लिया।

इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की तो पता चला कि वाहन चोरी का है और इस संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज है। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस तरह पुलिस ने कुल छह चोरी की बाइक बरामद की हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित मिलकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। बरामद वाहनों के संबंध में दर्ज मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

गिरफ्तार आरोपित के नाम पते सागर पुत्र धीरज पाल निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार व कार्तिक पुत्र संजय सिंह निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गली नंबर एक, रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल, हरिद्वार बताए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला