ढालवाला औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट गोदाम को 30 अक्तबूर तक कराएं खाली

 


नई टिहरी, 18 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक में औद्योगिक आस्थानों की समस्याओं, उद्यमियों की आवश्यकताओं सहित औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। डीएम ने इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुधारने और लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए।

शुक्रवार को जिला सभागार में हुई बैठक में महाप्रबंधक उद्योग एमएस सजवाण ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र ढालवाला बने सीमेंट को हटाने की कार्रवाई गतिमान है। डीएम ने 30 अक्तूबर तक हटाने के निर्देश दिए। वहीं हिल्ट्रॉन को आवंटित प्लॉट पर वर्तमान में कोई कार्य नहीं होने पर डीएम ने भूमि का सीमांकन कराते हुए सिडकुल को लैंड स्थानांतरण करने के निर्देश दिए। देवप्रयाग क्षेत्र में होटल गंगा पायस द्वारा विद्युत कटौती की समस्या बताई।

प्रतापनगर क्षेत्र में स्थापित सोलर प्लांट के उद्यमियों द्वारा विद्युत लाइन में प्रतिदिन लगभग एक घंटे के ब्रेकडाउन से होने वाले नुकसान से अवगत कराया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक विद्युत कटौती न की जाए। कीर्तिनगर तहसील के अंतर्गत लिंगवांडा गांव में शुभम सोलर प्लांट के नीचे लोनिवि ने सड़क का निर्माण किया है। जिससे प्लांट को खतरा हो गया है। जिस पर एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है।

जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित एमएसएमई-2015 के अंतर्गत ब्याज उपादान एवं विद्युत उपादान सहायता के प्रकरण भी प्रस्तुत किए गए। 13 इकाइयों के लिए कुल 20 लाख 29 हजार 809 रुपये जबकि विद्युत उपादान के अंतर्गत 2 इकाइयों के लिए कुल 6 लाख 29 हजार 264 रुपये की धनराशि स्वीकृति के लिए प्रस्तुत की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी