उत्तरकाशी-तिलवाड़ा मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की उम्मीद बढ़ी
देहरादून, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तरकाशी से तिलवाड़ा तक के महत्वपूर्ण मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने की दिशा में उम्मीदें बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने संबंधी प्रस्ताव को संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं विचारार्थ भेज दिया है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि उत्तरकाशी-कमद-अयारखाल-बूढ़ाकेदार-चमियाला-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग को ऑलवेदर रोड (चारधाम परियोजना) से जोड़ते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के संबंध में अनुरोध संबंधित अधिकारी को भेज दिया गया है।
इस मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित होने से उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों के बीच सड़क संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही चारधाम यात्रा, स्थानीय आवागमन, पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री की ओर से प्रस्ताव को संबंधित अधिकारी को भेजे जाने को इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रियात्मक पहल माना जा रहा है। इससे चारधाम यात्रा मार्गों के साथ आंतरिक पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने और सड़क बुनियादी ढांचे के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय