शहरी विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 26 सितंबर (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने शनिवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में नगर निकायों की समीक्षा बैठक लेते हुए विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत कोटद्वार में खोह नदी किनारे पार्क निर्माण, आंतरिक सड़कों के निर्माण,श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने,पौड़ी में सीवर लाइन,दुगड्डा में बहुउद्देशीय भवन और थलीसैंण में वाहन पार्किंग निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन,कूड़ा निस्तारण संयंत्रों के लिए भूमि चयन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सेप्टेज और लेगेसी वेस्ट निस्तारण, गौ सदनों,प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और अतिक्रमण की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।
एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शहरी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह