बिजली मीटर हटाने की कार्रवाई पर हंगामा, विरोध के बाद लौटी टीम
हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। जनपद के धनौरी रोड स्थित अस्थाई दुकानों पर लगे बिजली मीटर हटाने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को बुधवार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। बिना पूर्व सूचना कार्रवाई किए जाने के आरोप पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने नाराजगी जताई, जिसके बाद विभागीय टीम को कार्रवाई रोककर वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ऊर्जा निगम की टीम एसडीओ अनिता सैनी और जेई गोपाल सैनी के नेतृत्व में कलियर स्थित धनौरी रोड पर पहुंची थी। टीम ने कुछ दुकानों से मीटर हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। इसी दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और विरोध शुरू हो गया।
विरोध की सूचना पर चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद, सभासद नाजिम त्यागी, राशिद रईस, दिलबाग त्यागी और सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी नोटिस और पूर्व सूचना के दुकानों से मीटर हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ए.के. मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से वार्ता कर माहौल शांत कराया। बातचीत के बाद विभागीय टीम ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी और वापस लौट गई। एसडीओ अनिता सैनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अस्थाई दुकानों पर लगे मीटर हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद ने कहा कि बिना नोटिस कार्रवाई करना गलत है और विभाग से व्यापारियों को समय देने की मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला