पूर्व सैनिकों और युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने की प्रक्रिया तेज करे उपनल : गणेश जोशी
देहरादून, 10 अगस्त (हि.स.)। उपनल की बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गढ़ी कैंट स्थित उपनल कार्यालय में हुई बैठक में मंत्री ने विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित दस्तावेजी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेजों और अन्य औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
बैठक में उपनल कार्यालय भवन के निर्माण से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा अग्निवीरों को सैन्य सेवा पूरी करने के बाद उपनल के माध्यम से रोजगार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
गणेश जोशी ने कहा कि अग्निवीरों के कौशल और अनुशासन का उपयोग प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने उपनल के बंद होने संबंधी चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उपनल बंद नहीं होगा। उन्होंने कहा कि संस्था को और मजबूत एवं प्रभावी बनाते हुए इसके कार्यों का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने उपनल की योजनाओं और रोजगार से संबंधित अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, उपनल के प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जेएन बिष्ट, संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, उप सचिव कार्मिक एसवी रंजन, निदेशक मेजर जनरल शम्मी सभरवाल (सेनि.), निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस रौतेला (सेनि.) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय